धोनी को सुब्रमण्यम स्वामी की सलाह, अब लोकसभा चुनाव लड़ना चाहिए
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के सफलतम कप्तानों में से एक महेंद्र सिंह धोनी ने संन्यास ले लिया है। धोनी आगे क्या करेंगे, इसका खुलासा तो उन्होंने नहीं किया मगर एक खास ऑफर उन्हें जरूर आ गया है। भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने धोनी को 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ने की सलाह दी है। धोनी ने अभी तक किसी राजनीतिक पार्टी का समर्थन तो नहीं किया है मगर झारखंड में उनका जैसा कद है, उसे देखते हुए राजनीति में भी उनकी पारी लंबी चल सकती है। बीजेपी सांसद यही बात भांप कर धोनी को चुनाव लड़ने का न्योता दे रहे हैं।
क्या 2024 में चुनावी ताल ठोंकेंगे धोनी?
बीजेपी के राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने धोनी के रिटायरमेंट के अगले दिन यह सुझाव दिया है। स्वामी ने ट्वीट किया, “एमएस धोनी क्रिकेट से रिटायर हो रहे हैं और किसी चीज से नहीं। विषमताओं से लड़ने की उनकी प्रतिभा और एक टीम का नेतृत्व करने की जो क्षमता उन्होंने क्रिकेट में दिखाई है, उसकी सार्वजनिक जीवन में जरूरत है। उन्हें 2024 में लोकसभा चुनाव लड़ना चाहिए।” स्वामी ने ये तो नहीं कहा कि धोनी को बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ना चाहिए मगर उनका इशारा साफ था।
दो साल पहले धोनी से मिले थे शाह
बीजेपी ने दो साल पहले महेंद्र सिंह धोनी से संपर्क साधा था। तब ‘संपर्क से समर्थन’ अभियान के तहत तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष और अब गृह मंत्री अमित शाह ने धोनी से मुलाकात की थी। धोनी के रिटायरमेंट पर शाह ने ट्वीट किया, “मैं आशा करता हूं कि वह आने वाले दिनों में भारतीय क्रिकेट को मजबूत करते रहेंगे। भविष्य की योजनाओं के लिए उन्हें शुभकामनाएं। वर्ल्ड क्रिकेट हेलिकॉप्टर शॉट को मिस करेगा माही!”
-एजेंसियां