सोनभद्र पहुंचीं प्रियंका, भूमि विवाद के पीड़ितों से की मुलाकात
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा मंगलवार दोपहर डेढ़ बजे करीब सोनभद्र के उंभा गांव पहुंच गईं। यहां पर वह 17 जुलाई को हुए भूमि विवाद में मारे गए लोगों के आश्रितों और घायलों के पीड़ितों का हालचाल जान रही हैं।
प्रियंका आज सुबह 10 बजे करीब वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचीं। एयरपोर्ट पर पूर्व सांसद डॉ. राजेश मिश्र, कांग्रेस नेता अजय राय, पूर्व विधायक ललितेश पति त्रिपाठी सहित कांग्रेस नेताओं ने प्रियंका गांधी को गुलदस्ता देकर स्वागत किया।
इसके बाद वह सोनभद्र के उंभा गांव रवाना हो गईं। सोनभद्र जाते समय प्रियंका गांधी उस जगह पहुंचीं, जहां उनका पहले काफिला रोका गया था। यहां वह कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मिलीं। मिर्जापुर जिले के नरायनपुर में लोगों ने स्वागत किया और फूलमाला पहनाई। करीब दो मिनट रुकने के बाद काफिला आगे बढ़ गया।
उंभा गांव जाकर कांग्रेस महासचिव ने उस जगह का मुआयना किया जहां, 17 जुलाई को गोलीबारी हुई थी। जिसमें 10 लोगों की मौत और 28 लोग घायल हुए थे।
उंभा गांव में 17 जुलाई को आदर्श कृषि सहकारी समिति की जमीन को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हुआ था।
इसमें प्रधान पक्ष के लोगों ने दस लोगों की हत्या कर दी थी और 24 लोगों को घायल कर दिया था। घटना के बाद पीड़ित परिवार से मिलने उंभा जा रहीं प्रियंका गांधी वाड्रा को मिर्जापुर के नरायनपुर में पुलिस ने रोक दिया था। इससे खफा होकर प्रियंका समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गईं थीं।
इसके बाद पुलिस उन्हें चुनार किले में ले गई जहां दूसरे दिन उभ्भा के पीड़ितों से मुलाकात कर प्रियंका लौट गईं थी।
पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी ने प्रियंका गांधी के आगमन को देखते हुए संदिग्धों पर पैनी नजर रखने का निर्देश दिया है।
-एजेंसियां