भारत की बड़ी जीत: जाकिर नाइक के प्रत्यर्पण की पुष्टि, लाया जाएगा भारत
नई दिल्ली। इस्लामिक धर्मोपदेशक जाकिर नाइक को मलेशिया से भारत भेजा जाएगा। इसे भारत के लिए बड़ी जीत के तौर पर देखा जा रहा है। जाकिर नाइक हेट स्पीच, मनी लॉन्ड्रिंग और आतंकी संगठनों को फंडिंग मुहैया कराने के मामलों का आरोपी है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने जाकिर के खिलाफ साल 2017 में आपराधिक मामला दर्ज किया था। NIA डायरेक्टर जनरल योगेश चन्द्र मोदी ने भी नाइक के प्रत्यर्पण की पुष्टि कर दी है। हालांकि, जाकिर नाइक ने अपने प्रत्यर्पण की खबरों को खारिज कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, मलेशियाई पुलिस ऑफिसर ने भी यह पुष्टि की है कि इस्लामिक उपदेशक नाइक बुधवार को मलेशिया से भारत वापस आने के लिए फ्लाइट लेगा।
भारत वापसी की खबरों को खारिज करते हुए जाकिर नाइक ने कहा है, ‘मेरे भारत लौटने की खबर पूरी तरह फर्जी और निराधार है। जब तक अनुचित अभियोजन से मैं सुरक्षित महसूस नहीं करूंगा तब तक मेरी भारत आने की कोई योजना नहीं है। जब मैं यह महसूस करूंगा कि सरकार निष्पक्ष होगी, तब मैं जरूर अपने देश लौट आऊंगा।’
बता दें कि नाइक एनआईए और ईडी की जांच का सामना कर रहा है क्योंकि बांग्लादेश ने कहा था कि पीस टीवी पर उसका भाषण ढाका में 2016 के हमले की एक वजह था। इस हमले में एक भारतीय लड़की सहित 22 लोगों की जान चली गई थी। नाइक के गैर सरकारी संगठन इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन को 2016 में ही अवैध घोषित किया जा चुका है और इस मामले में 18 करोड़ रुपए से अधिक की रकम के धन शोधन के आरोपों की प्रवर्तन निदेशालय जांच कर रहा है। 2016 में ही नाइक भारत छोड़कर चला गया था।
-एजेंसी