राम मंदिर के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिए दो लाख रुपये
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में बनने जा रहे श्री राम मंदिर के लिए दो लाख रुपये की समर्पण निधि दान दी है। दो लाख रुपये की धनराशि का चेक उन्होंने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के नाम दिया है। शुक्रवार को उन्होंने यह इस राशि का चेक ट्रस्ट के प्रतिनिधियों को सौंपा। इस बीच उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने भी राम मंदिर निर्माण के लिए दो लाख रुपये का चेक राम मंदिर निर्माण से जुड़े पदाधिकारियों को राजभवन में सौंपा।
एक लाख स्थानों पर शुरू हुआ अभियान
रामजन्मभूमि में विराजमान रामलला के मंदिर निर्माण के लिए मकर संक्रांति पर्व पर देश के करीब एक लाख नियत स्थानों पर निधि समर्पण अभियान की शुरुआत की गयी। इस मौके पर सभी स्थानों पर उपलब्ध सभागृहों में अलग-अलग अभियान की शुरुआत के साथ गोष्ठियां आयोजित की गयी। इन गोष्ठियों में राम मंदिर आंदोलन से जुड़े संत-महंतों के अलावा संगठन के शीर्ष पदाधिकारियों का कार्यक्रम भी तय किया गया था जिन्होंने उन गोष्ठियों में जाकर क्षेत्रीय नागरिकों को मंदिर निर्माण में सहयोग के लिए प्रेरित किया। विहिप के केन्द्रीय मंत्री राजेन्द्र सिंह पंकज ने बताया कि इस अभियान में तीस लाख से अधिक कार्यकर्ता एक साथ आयोजन को सफल बनाने के लिए निकले हैं। उन्होंने बताया कि सभी स्थानों पर संघ व विहिप के राष्ट्रीय व प्रांतीय पदाधिकारियों के अलावा संत-महंतों को भी अलग-अलग दायित्व सौंपा गया है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में राष्ट्रपति से भेंटकर उनकी शुभकामना प्राप्त कर अभियान का औपचारिक अनावरण कर दिया गया। इसी तरह उत्तर प्रदेश में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से भी भेंटकर औपचारिक अभियान का श्रीगणेश हो चुका है।
-एजेंसियां