बिहार: 600 से ज्यादा भ्रष्ट पुलिसकर्मियों पर सरकार की बड़ी कार्यवाही
पटना। बिहार में भ्रष्ट पुलिसकर्मियों पर ताबड़तोड़ कार्यवाही करते हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए नीतीश कुमार सरकार ने 644 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की है। इनमें से 85 पुलिसकर्मियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। कार्रवाई की जद में सिपाही से लेकर आईपीएस अधिकारी तक हैं। इसको लेकर नीतीश कुमार सरकार ने एक से सरकारी नोटिफिकेशन भी जारी किया है।
बिहार सरकार के इस नोटिफिकेशन में बताया गया कि किस तरीके से 85 पुलिसकर्मी जो शराब बंदी कानून के उल्लंघन, बालू खनन में भ्रष्टाचार और भूमि विवाद में उगाही को लेकर साक्ष्य मिले थे, जिसके आधार पर इन पुलिसकर्मियों को सेवा से बर्खास्त किया गया है। पुलिसकर्मियों पर यह कार्रवाई जनवरी से नवंबर, 2020 के दौरान हुई है।
पुलिस मुख्यालय से मिल रही जानकारी के अनुसार, दो आईपीएस अधिकारियों को विभागीय कार्रवाई में वृहद सजा दी गई है और चार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई चल रही है। पुलिस मुख्यालय के मुताबिक, बिहार पुलिस सेवा के सात अफसरों को भी कड़ी सजा मिली है। जबकि 25 से खिलाफ विभागीय कार्रवाई जारी है।
606 अराजपत्रित पुलिस पदाधिकारी और कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई चल रही है। इनमें से पचासी अफसरों को सेवा से बर्खास्त, 55 को कड़ा दंड और चार को लघु दंड दिया गया है। वहीं कई पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामले विचाराधीन है, जिन पर जल्द कार्रवाई हो सकती है।
– एजेंसी