KD डेंटल कॉलेज के छात्र को ISP मेरिट में शीर्ष स्थान
मथुरा। चिकित्सा और शिक्षा के क्षेत्र में विशिष्ट स्थान रखने वाले के. डी. डेंटल कॉलेज एण्ड हॉस्पिटल के चिकित्सक जहां अपने शोधात्मक अभिज्ञान से दंत पीड़ितों की सेवा में उत्कृष्ट स्थान रखते हैं वहीं यहां के छात्र-छात्राएं अपनी मेधा से प्रावीष्य सूची में शीर्ष स्थान हासिल कर मथुरा जनपद को गौरवान्वित करते हैं। हाल ही यहां के होनहार छात्र अर्पित सिंघल ने पेरियोडोंटोलॉजी विषय आईएसपी मेरिट (ISP Merit) में शीर्ष स्थान हासिल कर समूचे ब्रज मण्डल को गौरवान्वित किया है।
अर्पित सिंघल की शानदार उपलब्धि पर आर.के. एज्यूकेशन हब के अध्यक्ष डा. रामकिशोर अग्रवाल, उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल, प्रबंध निदेशक मनोज अग्रवाल, के. डी. डेंटल कॉलेज के डीन डाॅ. मनेश लाहौरी तथा कॉलेज के प्राध्यापकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई दी। डाॅ. रामकिशोर अग्रवाल ने कहा कि अर्पित सिंघल जैसे होनहार युवाओं से समाज को बहुत उम्मीदें हैं। अन्य युवाओं को भी इससे सीख लेना चाहिए। अर्पित को पीरियडोंटोलॉजी विषय में प्रथम स्थान हासिल करने पर इंडियन सोसाइटी ऑफ पेरियोडॉन्टोलॉजी (Indian Society of Periodontology) द्वारा भी योग्यता पुरस्कार से नवाजा गया।
डीन डाॅ. मनेश लाहौरी ने बताया कि पीरियोडोंटोलॉजी दंत चिकित्सा की एक शाखा है जो दांतों की सहायक संरचनाओं पीरियडोंटियम के अध्ययन और मसूड़ों की बीमारियों से संबंधित है। पीरियोडोंटिक्स मसूड़ों की समस्याओं के निदान, रोकथाम और उपचार से संबंधित निर्देश तथा नैदानिक अनुभव प्रदान करता है।
डाॅ. लाहौरी का कहना है कि के. डी. डेंटल कॉलेज एण्ड हॉस्पिटल में छात्र-छात्राओं को पठन-पाठन के साथ ही उन्हें विभाग के प्रशिक्षण कार्यक्रमों में मौखिक प्रोफिलैक्सिस, शल्य चिकित्सा प्रक्रिया, पीरियडोंटल प्लास्टिक सर्जरी के साथ-साथ दंत प्रत्यारोपण प्रक्रियाओं में भी दक्ष किया जाता है। अर्पित सिंघल का प्रावीण्य सूची में स्थान बनाना संस्थान ही नहीं समूचे मथुरा जनपद के लिए गौरव की बात है।
– Legend News