अर्जुन तेंडुलकर को मुंबई इंडियंस ने खरीदा तो उठने लगे सवाल
नई दिल्ली। भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंडुलकर के बेटे अर्जुन तेंडुलकर को मुंबई इंडियंस ने इंडियन प्रीमियर लीग IPL के 2021 सीजन के लिए नीलामी में खरीदा। इस युवा मीडियम पेसर को मुंबई फ्रैंचाइजी ने उनके बेस प्राइस 20 लाख रुपये में खरीदा। इसके बाद कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर लिखा कि सचिन का बेटा होने के कारण उन्हें मुंबई ने खरीदा जबकि कुछ लोग उनके बचाव में पक्ष रखते नजर आए।
21 साल के अर्जुन तेंडुलकर पहली बार आईपीएल की नीलामी में शामिल हुए और रेकॉर्ड 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने उनके बेस प्राइस 20 लाख रुपये में उन्हें खरीद लिया। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने हालांकि ‘Nepotism’ जैसी बात कही क्योंकि सचिन मुंबई के मेंटॉर हैं।
नीलामी से पहले ही थी चर्चा
नीलामी से पहले ही यह चर्चा थी कि अर्जुन मुंबई इंडियंस का हिस्सा बनेंगे। अर्जुन भारतीय टीम को नेट्स में गेंदबाजी कर चुके हैं और बीते साल वह मुंबई इंडियंस के साथ यूएई में भी गए थे।
नीलामी के बाद मुंबई इंडियंस ने ट्वीट किया, ‘पहले वानखेड़े में बॉल बाय। पिछले सीजन में सपोर्ट बॉलर। और अब टीम के गेंदबाजा। यह शोटाइम है अर्जुन।’ वहीं दूसरी ओर अर्जुन ने भी वीडियो के जरिए मुंबई इंडियंस की टीम का शुक्रिया अदा किया है। मुंबई इंडियंस के ट्विटर हैंडल पर शेयर किए गए इस वीडियो में अर्जुन ने कहा, ‘बचपन से ही मैं मुंबई इंडियंस का बहुत बड़ा प्रशंसक रहा हूं। मैं इसके बाद कोच, टीम मालिकों और सपोर्ट स्टाफ का मुझमें भरोसा जताने के लिए शुक्रिया अदा करना चाहूंगा।’
बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर ने आगे कहा, ‘मैं मुंबई पल्टन की टीम का हिस्सा बनने को लेकर बहुत उत्साहित हूं और ब्लू गोल्ड जर्सी पहनने का इंतजार कर रहा हूं।’
-एजेंसियां