Nirankari करेंगे अस्पताल साफ
मथुरा। संत Nirankari चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा 23 फरवरी शनिवार को एक ऐसा सफाई अभियान चलाया जायेगा, जो अपने आप में ऐतिहासिक होगा, जिसके अंतर्गत देश के लगभग 3 लाख निरंकारी भक्त 765 सरकारी अस्पतालों की सफाई करेंगे।
स्थानीय प्रवक्ता किशोर स्वर्ण ने बताया कि निरंकारी बाबा हरदेव सिंह जी महाराज के जन्मदिन को गुरू पूजा दिवस के रूप में मनाया जायेगा। इस उपलक्ष्य में हो रहे देशव्यापी सफाई अभियान का ब्रज के निरंकारी भक्त भी हिस्सा बनेंगे।
उन्होंने बताया कि जिले के तीन अस्पताल चुने गए है। कोसीकलां का शेरगढ़ रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा फरह के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के साथ होली गेट स्थित म.द.स.जिला अस्पताल में 23 फरवरी शनिवार को सुबह 8 से सफाई अभियान शुरू होगा।
प्रवक्ता किशोर स्वर्ण ने बताया कि फरह और कोसीकलां के साथ मथुरा के अस्पतालों में हो रहे सफाई अभियान के लिए जिला संयोजक हरविंद्र कुमार ने शुक्रवार को निर्देश देकर सभी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंप दी है।
गौरतलब है कि संत निरंकारी मिशन के चौथे मार्गदर्शक बाबा हरदेव सिंह जी महाराज ने सत्य, प्रेम, भाईचारे और एकत्व का संदेश दिया। आपकी शिक्षाओं ने समाज को एक नई दिशा दी, आपने केवल निरंकारी जगत पर ही नहीं बल्कि संसार के हर वर्ग पर गहरा प्रभाव छोड़ा और सबको परमतत्व निरंकार परमात्मा के साथ जोड़ा।
निरंकारी बाबा जी की प्रेरणा से अब तक दस लाख से ज्यादा Nirankari भक्त रक्तदान कर चुके हैं। देशभर में दो लाख से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। निरंकारी बाबा जी के जन्मदिन पर देश के रेलवे स्टेशनों,अस्पतालों, प्रसिद्ध स्मारकों और नदियों की सफाई का अभियान 2003 से चलाया जा रहा है।