अब प्रतापगढ़ के दो Shelter homes से 26 महिलायें गायब मिलीं
प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के Shelter homes को लेकर शासन की सख्ती के बाद हर जिले में जांच जारी है। इसी कड़ी में आज प्रतापगढ़ के जिलाधिकारी शंभु कुमार ने दो आश्रय गृहों में अचानक छापा मारा तो निरीक्षण के दौरान वहां रहने वाली 26 महिलाएं गायब पाई गईं। उन्होंने दोनों Shelter homes की जांच का आदेश दिया है।
जिलाधिकारी शंभु कुमार ने बुधवार शाम अष्टभुजा नगर के जागृति स्वाधार महिला आश्रय पर छापेमारी की तो इसकी संचालिका तथा बीजेपी महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष रमा मिश्रा ने पंजीकृत महिलाओं की संख्या 16 बताई जबकि मौके पर एक महिला रजिया मिली। शेष के बारे में बताया गया कि वे बाहर काम करने गई हैं।
उप जिलाधिकारी सदर सत्य प्रकाश सिंह ने अचलपुर स्थित स्वाधार केंद्र पर देर रात निरीक्षण में पंद्रह में से बारह महिलाएं गायब पाई गईं।संचालिका नेहा परवीन ने बताया कि सरकार से कोई फंड नहीं मिलता, वह स्वयं के खर्च पर संचालन करती है। जब शाम को जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया तो एक भी महिला नहीं थी केवल तीन बच्चियां मौजूद थी लेकिन देर रात तक महिलाएं क्यों वापस नहीं लौटी इसका उत्तर प्रशासन को नहीं मिल सका। जिलाधिकारी ने कहा कि सत्यापन में 26 महिलाएं गायब पायी गयी हैं और मामले की जांच करायी जा रही है।महिलायें कहां गईं, क्यों गई हैं इसकी जांच के बाद दोनों केन्द्रों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
देवरिया बालिका गृह केस
ये छापेमारी ऐसे वक्त हुई है जब बिहार के मुजफ्फरपुर के बालिका गृह की लड़कियों के यौन शोषण के मामले के बीच पिछले दिनों उत्तर प्रदेश के देवरिया में भी ऐसा ही मामला प्रकाश में आया है। यहां के निजी बालिका गृह में रह रही लड़कियों ने भी कई गंभीर आरोप लगाए हैं। एक लड़की की शिकायत पर पुलिस ने रविवार रात छापा मारकर बालिका गृह से 24 बच्चियों और लड़कियों को छुड़ाया है। जबकि बालिका गृह से 18 लड़कियां अभी भी गायब हैं। मामले में पुलिस ने बालिका गृह के संचालिका गिरिजा त्रिपाठी, उनके पति मोहन तिवारी और बेटी को गिरफ्तार किया है।
-एजेंसी